होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रेलवे अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार, पुराने बिल पास कराने के नाम पर ठेकेदार से मांगी थी घूस

रेलवे अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार, पुराने बिल पास कराने के नाम पर ठेकेदार से मांगी थी घूस

छत्तीसगढ़ के भिलाई से रेलवे में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। पुराने बकाया बिल को पास कराने के नाम पर ठेकेदार से कथित तौर पर रिश्वत मांगने वाले रेलवे अधिकारी को सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया है। कार्रवाई भिलाई-3 स्थित रेलवे के पीपी यार्ड में की गई, जहां सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले मामले की प्रारंभिक जांच की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुराने बकाया बिल के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए रेलवे अधिकारी की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद एजेंसी ने ट्रैप की योजना बनाई।

केमिकल लगे नोटों के साथ ठेकेदार को भेजा

गुरुवार देर शाम सीबीआई की टीम भिलाई-3 के पीपी यार्ड पहुंची। कार्रवाई के लिए करीब 10 अधिकारियों की टीम तैनात थी। इसमें दिल्ली के साथ रायपुर और दुर्ग के अधिकारी भी शामिल बताए गए।

ट्रैप के तहत सीबीआई ने ठेकेदार दीपक वर्मा को केमिकल लगे नोटों से भरा लिफाफा दिया। इसके बाद ठेकेदार को आरोपी रेलवे अधिकारी के पास भेजा गया। जैसे ही अधिकारी ने कथित तौर पर लिफाफा अपने हाथ में लिया, सीबीआई टीम ने कार्यालय में दबिश देकर कार्रवाई शुरू कर दी।

हाथ धुलवाए तो केमिकल के निशान मिले

सीबीआई की टीम ने मौके पर कथित रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद आरोपी अधिकारी के हाथ धुलवाए। हाथों पर केमिकल के निशान मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े काम का है मामला

मामला भिलाई-3 स्थित पीपी यार्ड में होने वाले वैगन रिपेयरिंग और उससे जुड़े ठेका कार्यों से संबंधित बताया जा रहा है। इस यार्ड में भिलाई स्टील प्लांट के लिए आयरन ओर और कोक लेकर आने वाली मालगाड़ियों के रेक की अनलोडिंग के बाद वैगनों की जांच की जाती है। इसके अलावा एनएसपीसीएल के लिए कोक लेकर आने वाली मालगाड़ियों के वैगनों की भी यहां जांच होती है। वैगन में किसी तरह की टूट-फूट या तकनीकी खराबी मिलने पर उसकी मरम्मत कराई जाती है।

पुराने बिल के भुगतान को लेकर शिकायत

पीपी यार्ड में वैगन से जुड़े मरम्मत कार्य अलग-अलग ठेकों के माध्यम से कराए जाते हैं। इसी ठेका कार्य और पुराने बकाया बिलों के भुगतान से जुड़े मामले में ठेकेदार की ओर से रेलवे अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल एजेंसी आरोपी अधिकारी से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


संबंधित समाचार