रायपुर। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 12 और 13 जून को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, टेक्सटाइल विभाग की समीक्षा बैठक, जनसंपर्क कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसे विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती और विकासात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया है।
विकसित भारत के विजन पर होगा मंथन
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे सड्डू स्थित इट्सा अस्पताल में आयोजित विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात बैरन बाजार क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम 5:30 बजे शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शिरकत करेंगे। सम्मेलन में केंद्र सरकार के विकसित भारत मिशन, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की विकास रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
टेक्सटाइल सेक्टर की गतिविधियों की होगी समीक्षा
शाम 7:30 बजे केंद्रीय मंत्री हैंडलूम, हस्तशिल्प, रेशम उद्योग और टेक्सटाइल विभाग से जुड़े राज्य एवं क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश में वस्त्र उद्योग के विकास, रोजगार सृजन, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
जनसंपर्क कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों से करेंगे संवाद
दौरे के दूसरे दिन 13 जून को गिरिराज सिंह सदर बाजार के समीप बुढ़ातालाब क्षेत्र में आयोजित विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर संवाद करेंगे।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश
13 जून की सुबह केंद्रीय मंत्री कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बाबासाहब आंबेडकर चौक में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। इसके बाद वे खालसा स्कूल के सामने स्थित ऑक्सीजोन गार्डन में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार गिरिराज सिंह का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।