अलीराजपुर : मध्य प्रदेश के अलीराजपुर से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां आज 3 मासूम बच्चों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है तीनों बच्चे पानी में नहाने के लिए गए थे। इस दौरान वो गहराई में समां गए। घटना आलीराजपुर के तीखी इमली इलाके की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिवार में मातम पसरा
बताया जा रहा है कि करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्त के बाद शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बच्चों की असमय हुई मौत से परिवार में जहां मातम पसरा हुआ है। तो वही गांव में शोक की लहर है।
तीनो मासूम तीखी इमली के रहने वाले थे
इधर, घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय लोगो ने तीन बच्चों के डूबने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुँच कर एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन तीनो बच्चों को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शी एक बच्चे ने बताया कि तीनो मासूम तीखी इमली के ही रहने वाले थे और अपनी साइकिल से घटना स्थल पहुँचे थे और नहाने के लिए पानी से भरे गड्ढे में उतरे थे, लेकिन गहराई ज़्यादा होने की वजह से वे तीनो डूब गए और उनकी मौत हो गई।
सिचाई परियोजना के लिए गद्दा खोदा गया
वहीं पुलिस की प्रारंभिक जाँच में सामने आया कि नर्मदा उद्वहन सिचाई परियोजना के लिए इस गड्ढे की खुदाई की गई थी, लेकिन कोई अज्ञात शख्स इसी गड्ढे का उपयोग अवैध रेत खनन के लिए कर रहा था। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।