सतना- सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सरिया से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा। जिसकी वजह से हादसे में ट्रक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिनके शवों को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए बाहर निकाला गया।
नहर में गिरा ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे के आसपास हुआ। सरिया लोड कर जा रहा ट्रक जैसे ही नेमुआ मोड़ के पास पहुंचा, चालक ने संतुलन खो दिया। जिसकी वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से जा टकराई, इसके बाद नहर में जा गिरी। जिसकी वजह से ट्रक में सवार चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई।
4 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को निकाला बाहर
इधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और 4 घंटे के ऑपरेशन के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों में से दो की पहचान हुई
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त दिलीप केवट पिता राजेश केवट, निवासी ग्राम पडरी, जिला मैहर और दूसरे की शिनाख्त विष्णु केवट, पिता माखनलाल केवट, निवासी रामगढ़, जिला मैहर के रूप में की है. दोनों ट्रक में मजदूर के रूप में सरिया खाली करने के लिए जा रहे थे, जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही हैं.