विनोद मिश्रा, छतरपुर: अजाक थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट, मारपीट, अवैध चंदा वसूली एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी आरोपी राघवेन्द्र उर्फ नवल साहू पर व अन्य नरेश जोशी और फल्लू राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आरोपी की हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार जनकपुर निवासी शंकर अहिरवार ने 17 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि राघवेन्द्र उर्फ नवल साहू, नरेश जोशी, फल्लू राजपूत, सलीम खान एवं दीपक राजपूत ने उससे दारू और मुर्गा पार्टी के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट,चंदा बसूली,मारपीट सहित विभिन्न गम्भीर धाराओं 191(2),191(3),190,296(b)115(2),119(1),351(c),BNS3(1)(द),3(1)(घ),3(2)(VA) SC/ST act में प्रकरण दर्ज किया था।
आरोपी बदमाश चल रहा था फरार
घटना के बाद से नवल साहू फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध पुलिस अधीक्षक द्वारा दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बताया गया है कि फरारी के दौरान 5 जून को नवल साहू ने देवपुर स्थित लहर गुटखा फैक्ट्री में सैंपल लेने पहुंचे खाद्य निरीक्षक पर हमला कर दिया था। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक पत्रकार के साथ भी मारपीट की गई। इस मामले में ओरछा रोड थाना पुलिस ने नवल साहू, उमेश श्रीवास, अभिषेक यादव एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा की धाराओं 191(2),132,296(b),115(2),351(2) में मामला दर्ज किया था।
तीन गिरफ्तार, अन्य फरार
लगातार फरार चल रहे आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अजाक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवल साहू, नरेश जोशी और फल्लू राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वही अन्य आरोपी फरार है।