होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

पुलिस थाने से 5 मीटर दूर 70 लाख की चोरी: मोबाइल शॉप का शटर तोड़ लाखों के स्मार्टफोन ले उड़े बदमाश

पुलिस थाने से 5 मीटर दूर 70 लाख की चोरी: मोबाइल शॉप का शटर तोड़ लाखों के स्मार्टफोन ले उड़े बदमाश

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरी की एक बड़ी घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के बगीचा बस स्टैंड स्थित कैपिटल मोबाइल दुकान में देर रात अज्ञात बदमाशों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये के स्मार्टफोन चोरी कर लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात बगीचा थाना से महज 5 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई।

60 से 70 लाख रुपये के मोबाइल लेकर फरार हुए चोर

जानकारी के अनुसार, चोर देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे महंगे स्मार्टफोन समेटकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी हुए मोबाइलों की कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी सुबह दुकान संचालक को मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पहचान छिपाने के लिए CCTV कैमरे भी तोड़े

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। माना जा रहा है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से कैमरों को तोड़ा ताकि उनके चेहरे रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है।

थाने के इतने करीब वारदात से व्यापारियों में आक्रोश

थाना परिसर से कुछ ही कदम की दूरी पर इतनी बड़ी चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के संभावित सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।


संबंधित समाचार