भोपाल : 5-डे बैंकिंग लागू करने की मांग को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे। जिससे सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित रहेंगी। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखे हुए वित्त मंत्रालय ने बड़ा फैसला लेते हुए 27 सितंबर यानि की रविवार को सभी जगह बैंक खोलने के निर्देश दिए है। ताकि आम लोगों को बैंकिंग सेवाओं में ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े।
28 सितंबर से बैंकिंग सेवाएं रहेगी बंद
वित्त मंत्रालय की ओर से बैंकों को रविवार के दिन शाखाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत ग्राहक 27 सितंबर को बैंक की नियमित सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। दरअसल, बैंक कर्मचारियों के संयुक्त संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त अवसर
ऐसे में रविवार को बैंक खुले रखने का उद्देश्य ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त अवसर देना है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे हड़ताल से पहले जरूरी लेन-देन, चेक संबंधी कार्य और अन्य बैंकिंग जरूरतें पूरी कर लें। निर्देश के तहत रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
क्या है यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) भारत में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के नौ प्रमुख ट्रेड यूनियनों का एक ग्रुप है। यह संगठन बैंक कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, काम के घंटे, पेंशन और अन्य मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत करता है तथा मांगें पूरी न होने पर हड़ताल का आह्वान करता है।