इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार दोपहर को एक टैक्सी ड्राइवर ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। टैक्सी ड्राइवर ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया। जिसमे उसने अपनी मौत का जिम्मेदार SI को बताया। इतना ही नहीं मृतक ने कई चौकाने वाले खुलासे किये। जिसके आधार पर पुलिस के आला अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एसआई को सस्पेंड कर दिया। यह पूरा मामला राजेंद्र नगर थाने का है।
SI ने गाड़ी छोड़ने के लिए मांगे 50 हजार रुपए
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात को मृतक अभिषेक पाटिल की गाड़ी का एक कार के साथ एक्सीडेंट हो गया था। जिसके चलते एसआई मनोहर पाल ने कार को जब्त कर लिया और गाड़ी को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपए की मांग करने लगा। इतना ही नहीं इस दौरान पुलिसकर्मी ने मृतक के साथ मारपीट भी की। जिससे आहत होकर मृतक ने यह कदम उठाया।
सोमवार रात को हुआ एक्सीडेंट
वीडियो में मृतक ने बताया कि सोमवार रात को उसकी कार का एक्सीडेंट एक अन्य कार से हो गया था। ऐसे में वाहन चालक ने गाड़ी डैमेज होने पर 25 हजार रूपये की मांग की थी। वही पुलिसकर्मी गाड़ी को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपए की मांग कर रहे थे और पैसे नहीं देने पर मारपीट की साथ ही जेल भेजने की धमकी देने लगे।
मेरी गाड़ी छीन ली, वह मेरी रोजीरोटी थी
मृतक ने वीडियो में आगे कहा कि थाने की रिकार्डिंग देखें, जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी। मैं जिंदगी अच्छे से जीना चाहता था, अच्छी गृहस्ति बसाना चाहता था। पुलिस ने झूठ का साथ दिया और 500 रूपये में बिक गई। मेरी गाड़ी छीन ली, वह मेरी रोजीरोटी थी। मैं पुलिसवाले के कारण जान दे रहा हूं। पुलिस वह होती है जो इंसान को न्याय दिलाए।