इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक झांकी चल समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 सितंबर को प्रस्तावित इस भव्य आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
सड़कों पर उतरी पुलिस और नगर निगम की टीम
इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ चल समारोह के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पहले सिटी बस से प्रमुख मार्गों की स्थिति देखी और इसके बाद राजवाड़ा क्षेत्र पहुंचकर आयोजन से जुड़े रास्तों का जायजा लिया।
सफाई और सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को खराब सड़कों और गड्ढों को समय पर दुरुस्त करने तथा मार्ग की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रूट डायवर्शन प्लान
वहीं, यातायात पुलिस ने अधिकारियों को झांकी चल समारोह के दौरान लागू किए जाने वाले रूट डायवर्शन प्लान की जानकारी दी। प्रशासन का फोकस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा बनाए रखने पर है।