होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: मुख्यमंत्री साय आज 5 कार्यक्रमों में होंगे शामिल, व्याख्याता भर्ती परीक्षा समेत पढ़ें छग की बड़ी खबरें

Morning Breaking: मुख्यमंत्री साय आज 5 कार्यक्रमों में होंगे शामिल, व्याख्याता भर्ती परीक्षा समेत पढ़ें छग की बड़ी खबरें

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सरगुजा और रायपुर में आयोजित पांच कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वहीं, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए व्याख्याता भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में संविधान गौरव दिवस पर विशेष आयोजन होगा। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ क्रिकेट को युवा कप्तान मिल गया है। 18 वर्षीय विकल्प तिवारी को टी-20 के साथ वनडे टीम की कमान भी सौंपी गई है। आइए जानते हैं प्रदेश की आज की पांच प्रमुख खबरें विस्तार से।

CM विष्णुदेव साय आज सरगुजा और रायपुर में रहेंगे व्यस्त

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को सरगुजा और रायपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अलग-अलग पांच कार्यक्रमों में शामिल होकर विभिन्न आयोजनों का हिस्सा बनेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री जशपुर से अंबिकापुर पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे सरगांव वाटर पार्क ओपन थिएटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुनेंगे। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे राजमोहिनी देवी भवन में होने वाले संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार कार्यक्रम में भी उनकी उपस्थिति रहेगी। सरगुजा का दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे एक निजी होटल में आयोजित CODECON कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 7:20 बजे मोवा स्थित एसबीआईएमएस में 'Tarang 2.0 State Youth Medical Fest 2026' का उद्घाटन करेंगे।

व्याख्याता के 854 पदों के लिए आज लिखित परीक्षा

छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 29 नवंबर का दिन बेहद अहम है। लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के 854 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आज लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से आयोजित यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

परीक्षा में प्रवेश के लिए जरूरी नियम

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
प्रवेश के लिए फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है।
परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा।
काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित हैं।
बिना जेब वाले सामान्य स्वेटर पहनने की अनुमति रहेगी।
परीक्षा केंद्र में चप्पल पहनकर पहुंचना होगा।
कानों में किसी भी तरह के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी नियमों को पहले ही समझ लें और समय से केंद्र पहुंचें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

राजधानी में आज मनाया जाएगा संविधान गौरव

रायपुर में रविवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रायपुर शहर जिला भाजपा के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन दोपहर 2:30 बजे दुर्गा महाविद्यालय के सभागृह में रखा गया है। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, सेवानिवृत्त न्यायाधीश डॉ. गौतम भादुड़ी और कुसुमताई दाबके विधि महाविद्यालय के प्राचार्य जाकिर अली मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर चर्चा करना है। इस दौरान देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और वर्तमान परिस्थितियों में संविधान की उपयोगिता को लेकर भी विचार रखे जाएंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रबुद्ध नागरिकों, अधिवक्ताओं, युवाओं और आम लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

विकल्प तिवारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ क्रिकेट में युवा खिलाड़ी विकल्प तिवारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने 18 वर्षीय विकल्प को टी-20 के बाद अब वनडे टीम का कप्तान भी नियुक्त किया है। बीसीसीआई के टी-20 टूर्नामेंट में टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी कप्तान बनाया गया है। यह टूर्नामेंट 14 दिसंबर से शुरू होने वाला है। महज 18 साल की उम्र में क्रिकेट के दोनों प्रमुख सीमित ओवर प्रारूपों में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना विकल्प तिवारी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें विजय हजारे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की टीम पर रहेंगी। युवा कप्तान की अगुवाई में टीम कैसा प्रदर्शन करती है, यह देखना दिलचस्प होगा।


संबंधित समाचार