होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मवेशी तस्करी पर ग्रामीणों का शिकंजा, 25 मवेशी समेत 6 वाहन जब्त; तस्कर फरार

मवेशी तस्करी पर ग्रामीणों का शिकंजा, 25 मवेशी समेत 6 वाहन जब्त; तस्कर फरार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मवेशी तस्करी का मामला सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता के चलते मवेशियों से भरे वाहनों को रोकने में सफलता मिली। ग्रामीणों ने जंगल के रास्ते में घेराबंदी कर तस्करी के वाहनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 25 मवेशियों के साथ 1 जेसीबी, 2 पिकअप, 1 ट्रक और 2 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

जंगल के रास्ते मवेशियों को ले जाने की मिली सूचना

जानकारी के मुताबिक, देर रात बहरियाडांड और प्रेमनगर के बीच जंगल के रास्ते से मवेशियों को ले जाने की सूचना ग्रामीणों को मिली थी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तस्करी रोकने के लिए रास्ते में गड्ढा खोदकर वाहनों की आवाजाही रोकने की तैयारी की।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान मवेशियों को लेकर वाहन वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने वाहनों को घेर लिया और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों और मवेशी तस्करी में शामिल लोगों के बीच झूमाझटकी भी हुई।

पुलिस के पहुंचने से पहले चालक फरार

ग्रामीणों ने तत्काल पूरे मामले की सूचना प्रेमनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वाहन चालक और तस्करी में शामिल कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से 25 मवेशी, 1 जेसीबी वाहन, 2 पिकअप वाहन, 1 ट्रक और 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त वाहनों और मवेशियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब जब्त किए गए वाहनों के आधार पर तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।

ग्रामीणों की सतर्कता से मवेशियों को तस्करों के चंगुल से बचा लिया गया। वहीं, इलाके में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने मवेशी तस्करी को लेकर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं।


संबंधित समाचार