होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग, कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग, कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले

रायपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत 56 नवनियुक्त सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी गई है। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। नव नियुक्त न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों की नई पोस्टिंग से राज्य की न्यायिक व्यवस्था में व्यापक स्तर पर बदलाव हुआ है।

56 नए सिविल जजों को मिली पहली पोस्टिंग

राज्य शासन की ओर से प्रोबेशन पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जजों को अब पहली बार विभिन्न न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक सभी संबंधित न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार संभालना होगा। इन नियुक्तियों से निचली अदालतों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ने और लंबित मामलों के निपटारे में मदद मिलने की उम्मीद है।

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 अधिकारियों का तबादला

हाईकोर्ट ने हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश भी जारी किए हैं। इनमें हरीश कुमार अवस्थी, जो दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय में जज के पद पर कार्यरत थे, उन्हें रायपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। इसी तरह ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के पद पर भेजा गया है। ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। इसके अलावा नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।

नीरज शर्मा को रायपुर की SC-ST विशेष अदालत की जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत गठित रायपुर की विशेष अदालत में विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीनियर डिवीजन में भी नई पदस्थापनाएं

सिविल जज सीनियर डिवीजन कैडर में भी कई न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली पदस्थ किया गया है।इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।

जूनियर डिवीजन के 7 जजों का भी ट्रांसफर

हाईकोर्ट की ओर से सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले के आदेश भी जारी किए गए हैं। सभी स्थानांतरित न्यायिक अधिकारियों को हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर नई पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


संबंधित समाचार