पन्ना : विश्व प्रसिद्ध पन्ना टाइगर रिजर्व के गेट्स एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिए गए है। नए पर्यटन सत्र के आगाज होने के साथ ही बाघों के दीदार के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोर एरिया में प्रवेश करने वाले तीनों गेट मड़ला, अकोला और हिनौता को सैलानियों के लिए खोले गए और फूल-मालाओं से सभी लोगों का स्वागत किया गया।
पहले दिन 50 जिप्सियों से पहुंचे पर्यटक
उद्घाटन के पहले ही दिन कुल 50 जिप्सियों में सवार होकर सैलानी जंगल की सैर पर निकले और हिनौता गेट के समीप पर्यटकों को बाघ (टाइगर) की साइटिंग हुई, जिससे उनके रोमांच का ठिकाना न रहा।
बाघों की संख्या 100 तक पहुंची
टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में बाघों की संख्या करीब 100 तक पहुँच चुकी है, जिससे यहाँ बाघ दिखने की संभावना काफी अधिक रहती है। इतना ही नहीं दिल्ली से खजुराहो के लिए शुरू हुई 'वंदे भारत' ट्रेन और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते इस बार रिकॉर्ड पर्यटकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।
पिछले सत्र में 8.75 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ
गौरतलब है कि पिछले सत्र में पार्क प्रबंधन को 8.75 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ था। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए इस बार गाइड फीडबैक और पर्यावरण-अनुकूल नियमों की विशेष व्यवस्था लागू की गई है।