भोपाल : मध्य प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बनने के बाद बिप्लब कुमार देब लगातार संगठन को मजदूत करने और नेताओं को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने की नसीहत दे रहे है। गुरुवार को बीजेपी कार्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक में बिप्लब देब ने साफ़ कहा कि संभाग और जिला प्रभारियों में चल रही गुटबाजी और नाराजगी तीन महीने में दूर करें। अगर फिर भी बात नहीं बनती तो उनके नाम और मोबाइल नंबर की सूची प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी को भेजें।
मैं सीखने और सिखाने के लिए आया हूं
बिप्लब देब ने आगे कहा कि मैं सिर्फ सिखाने के लिए नहीं आया हूँ, बल्कि सिखने आया हूँ। बूथ पर बैठे कार्यकर्ता के पास भी बहुत कुछ होता है जो सीखने लायक होता है। सभी साथ मिलकर काम करेंगे, इससे संगठन सरकार और जनता को लाभ होगा।
संगठन और राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई
बिप्लब देब ने कहा कि बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में संगठन और राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों को मिलकर काम करना होगा और संगठन का फोकस अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा। उन्होंने बताया कि वे गांव और बूथ स्तर तक जाकर संगठन की स्थिति समझेंगे।
जैसा हम व्यवहार करेंगे, जनता भी वैसे ही व्यवहार करेगी
पार्टी के अंदर नेताओं के बीच तालमेल को लेकर देब ने कहा कि बीजेपी किसी एक परिवार के इर्द-गिर्द नहीं चलती। उन्होंने नेताओं से सार्वजनिक मंच पर मतभेदों को रखने से बचने और संगठन में समन्वय बनाए रखने की बात कही। देब ने कहा जैसा हम व्यवहार करेंगे, जनता भी वैसे ही व्यवहार हमारे साथ करेगी। सब को साथ मिलकर काम करना है क्योकि बेहतर करने की प्रकिया निरंतर होती है।
देब ने अपने पहले संगठनात्मक दौरे में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक ली। इससे पहले बुधवार को उन्होंने मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक की थी।