होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Rajasthan Election 2026: 7,683 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी , 14 सितंबर को आएगा रिजल्ट

Rajasthan Election 2026: 7,683 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी , 14 सितंबर को आएगा रिजल्ट

जयपुर: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए बुधवार, 9 सितंबर को मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और पोलिंग पार्टियां भी मोर्चा संभाल चुकी हैं। पहले चरण में 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं के लिए वोटिंग कराई जा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 57,52,278 मतदाता स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

5,393 पार्षद पदों पर 20 हजार से अधिक उम्मीदवार

पहले चरण में नगर निकायों के कुल 5,393 पार्षद पदों के लिए चुनावी मुकाबला है। इन सीटों पर 20 हजार से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। चार नगर निगमों में भी आज मतदान हो रहा है। इनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जयपुर जिले की कुल 19 नगरीय निकायों में से 18 में भी आज मतदान कराया जा रहा है। इन क्षेत्रों में मतदान के लिए प्रशासन की ओर से 565 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं।

जयपुर की 18 नगरीय निकायों में वोटिंग

जयपुर जिले में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के अलावा 16 नगर पालिकाओं के लिए मतदाता वोट डाल रहे हैं। इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा शामिल हैं। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

इन जिलों में भी पहले चरण का मतदान

जयपुर के अलावा पहले चरण में अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के नगरीय निकायों में भी मतदान हो रहा है।

बाड़मेर में अलग-अलग चरणों में मतदान

बाड़मेर जिले के कुछ निकायों में चुनाव अलग-अलग चरणों में कराया जा रहा है। बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए आज 9 सितंबर को पहले चरण में मतदान हो रहा है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 11 सितंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी।

मतदान वाले क्षेत्रों में आज सार्वजनिक अवकाश

नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान को देखते हुए 9 सितंबर को संबंधित मतदान क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रखा गया है। यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के प्रावधानों के तहत भी लागू रहेगा। इसके अलावा 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान के चलते संबंधित क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यदि किसी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की स्थिति बनती है, तो दोबारा मतदान वाले क्षेत्र में उस दिन भी अवकाश लागू किया जाएगा।

दो चरणों में होंगे 309 नगरीय निकायों के चुनाव

राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 9 सितंबर को मतदान हो रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर की तारीख निर्धारित है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को मतगणना और परिणाम जारी किए जाएंगे। इन चुनावों के जरिए राजस्थान के शहरी क्षेत्रों के मतदाता अपने स्थानीय निकायों के लिए नए पार्षद और प्रतिनिधि चुनेंगे। स्थानीय स्तर पर होने वाले इन चुनावों को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


संबंधित समाचार