होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

PM मोदी के कार्यक्रम स्थल से 2 लोग हिरासत में, एक के पास मिली बंदूक; फर्जी PMO ID भी बरामद

PM मोदी के कार्यक्रम स्थल से 2 लोग हिरासत में, एक के पास मिली बंदूक; फर्जी PMO ID भी बरामद

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई के BKC स्थित नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक युवक के पास से बंदूक बरामद होने की जानकारी है। मामला सामने आने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिया गया एक युवक खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO का अधिकारी बता रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसकी पहचान संदिग्ध पाई गई। जांच में उसके पास मौजूद PMO का आईडी कार्ड भी फर्जी बताया गया है।

फर्जी PMO आईडी कार्ड के साथ पकड़ा गया युवक

हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, रोहन के पास प्रधानमंत्री कार्यालय का कथित फर्जी पहचान पत्र मिला। सुरक्षा कर्मियों ने जब दस्तावेज की जांच की तो उसकी वास्तविकता संदिग्ध पाई गई।

बताया जा रहा है कि रोहन एक बॉडीगार्ड के साथ भी घूम रहा था। उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास बंदूक होने की बात सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की जानकारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्ध युवक कार्यक्रम स्थल तक किस उद्देश्य से पहुंचा था और उसके पास फर्जी पहचान पत्र कैसे आया।

BKC में होना है PM मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 8 सितंबर 2026 की शाम मुंबई के BKC स्थित नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम शाम करीब 5:45 बजे प्रस्तावित है।

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट को वित्तीय प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में गिना जाता है। यह मंच नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक और टेक्नोलॉजी कंपनियों, निवेशकों तथा शिक्षाविदों समेत अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक साथ लाता है।

Fintech और नई तकनीक पर होगा मंथन

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का मुख्य फोकस डिजिटल पेमेंट और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत की भूमिका को आगे बढ़ाना है। सम्मेलन में नई तकनीकों के जरिए वित्तीय क्षेत्र में भरोसेमंद और समावेशी व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा होगी।

एजेंटिक AI, प्रोग्राम किए जा सकने वाले वित्तीय साधन, क्वांटम टेक्नोलॉजी और दूसरी उभरती तकनीकों के इस्तेमाल से नागरिकों, कारोबारों और अर्थव्यवस्थाओं के लिए बेहतर परिणाम हासिल करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

वडोदरा में भी PM मोदी का अहम कार्यक्रम

मुंबई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वडोदरा में भी कार्यक्रम है। यहां वह वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर यानी WDFC के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इन तीनों खंडों की कुल लंबाई करीब 326 किलोमीटर है और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इनमें न्यू सानंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी खंड शामिल हैं।

पीएम मोदी के मुंबई कार्यक्रम से पहले सुरक्षा से जुड़ी इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है।


संबंधित समाचार