दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से बुधवार को हड़कंप मच गया। तेज धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में 2 व्यक्ति की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने और घटना की जांच में जुटी हैं।
सिलेंडर उतारते समय हुआ धमाका
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई सिलेंडर एक गाड़ी में लादकर मौके पर लाए गए थे। इन्हें उतारने के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए। प्रत्यक्षदर्शी संजय कश्यप ने बताया कि एक लंबे आकार का सिलेंडर फटने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। उनके मुताबिक, धमाके में दो लोगों के बुरी तरह प्रभावित होने और करीब 3-4 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी
ब्लास्ट के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग घटनास्थल से दूर भागते नजर आए। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ। मृतक और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।