रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव पारंपरिक रंग, उत्साह और मनोरंजन से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जनप्रतिनिधियों ने महिला पत्रकारों के साथ तीज पर्व की खुशियां साझा करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई।
तीज महोत्सव में महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान रैंप वॉक, मनोरंजक खेल और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने माहौल को खास बना दिया।
पारंपरिक परिधानों में महिला पत्रकारों का रैंप वॉक
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महिला पत्रकारों का रैंप वॉक रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिला पत्रकारों ने आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और तीज की परंपरा की झलक इस दौरान देखने को मिली।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप पर नजर आईं। सिर पर पल्लू लेकर उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक भावना बोहरा ने भी रैंप वॉक में हिस्सा लिया। उनके सहज अंदाज को महिला पत्रकारों ने खूब सराहा। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर पहुंचकर महिला पत्रकारों के साथ तीज उत्सव की खुशियां साझा कीं।
खेल और प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
तीज महोत्सव को मनोरंजक बनाने के लिए महिला पत्रकारों के लिए कई तरह के खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेलों के दौरान जमकर मस्ती की।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडे और श्वेता पड्डा शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के साथ उनका उत्साह भी बढ़ाया।
कार्यक्रम के समापन पर महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट दिए गए। उपहार मिलने पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लक्ष्मी राजवाड़े ने आयोजन को बताया सराहनीय पहल
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महिलाओं के उत्साह से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने महिला पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी व्यस्त कार्यशैली के बीच एक-दूसरे के साथ समय बिताने और उत्सव का आनंद लेने का अवसर देते हैं।
तीज महिलाओं की खुशियों और परंपरा का पर्व: लक्ष्मी वर्मा
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व बताया। उन्होंने महिला पत्रकारों के साथ तीज मनाने पर खुशी जताई और उनके योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिला पत्रकार लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को तीज पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों की भूमिका को सराहा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज से जुड़े मुद्दों और लोगों की आवाज को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि तीज महोत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी व्यस्त दिनचर्या से थोड़ा समय निकालकर साथ आने और खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से महिला पत्रकारों के बीच आपसी जुड़ाव और सहभागिता मजबूत होती है।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
तीज महोत्सव के आयोजन में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन के संचालन में अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा और अंबिका मिश्रा की भी सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पत्रकार सदस्य शामिल हुईं।
रायपुर प्रेस क्लब का यह आयोजन महिला पत्रकारों के लिए तीज की पारंपरिक खुशियों के साथ मनोरंजन, संवाद और आपसी सहभागिता का अवसर बन गया।