होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय नए पते पर शिफ्ट, सिविल लाइन के C-3 बंगले से होगा संचालन

रायपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय नए पते पर शिफ्ट, सिविल लाइन के C-3 बंगले से होगा संचालन

राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का पता अब बदल गया है। कमिश्नरेट का नया कार्यालय सिविल लाइन स्थित C-3 बंगले में शिफ्ट कर दिया गया है। इससे पहले यह बंगला उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा का आधिकारिक निवास था। अब इसी भवन से रायपुर पुलिस कमिश्नर राजधानी की कानून व्यवस्था से जुड़ा पूरा कामकाज संभालेंगे।

पुलिस कमिश्नर ने किया नए कार्यालय का उद्घाटन

नए पुलिस कमिश्नर कार्यालय का शुभारंभ रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। इसके साथ ही कमिश्नरेट से जुड़े सभी प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्य अब सिविल लाइन स्थित नए कार्यालय से संचालित किए जाएंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस अमित कामले, डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर, डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और कार्यालयीन स्टाफ भी उपस्थित रहे।

1990 में शुरू की पुलिस सेवा

डॉ. संजीव शुक्ला ने वर्ष 1990 में डीएसपी के रूप में अपनी पुलिस सेवा शुरू की थी। सागर पुलिस प्रशिक्षण अकादमी से प्रशिक्षण लेने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बस्तर संभाग के किरंदुल थाने में ट्रेनी थाना प्रभारी के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने कोंटा में एसडीओपी के रूप में भी सेवाएं दीं।

कई जिलों में निभाई अहम जिम्मेदारी

अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने भानुप्रतापपुर, भिलाई, इटारसी, नरसिंहपुर, कोरबा और भोपाल में सीएसपी के रूप में काम किया। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाजन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुना और राजनांदगांव में पदस्थ हुए। डीएसपी से प्रमोशन के बाद वर्ष 2001 में दुर्ग जिले में एडिशनल एसपी के रूप में उनकी नियुक्ति हुई, जहां उन्होंने लगभग सात साल तक सेवाएं दीं।

मुख्यमंत्री सुरक्षा और नक्सल क्षेत्र में भी दी सेवाएं

संजीव शुक्ला को वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। इस पद पर उन्होंने करीब ढाई साल तक काम किया। इसके अलावा वे नक्सल प्रभावित उत्तर बस्तर कांकेर रेंज में डीआईजी के पद पर भी रह चुके हैं।

बिलासपुर आईजी से बने रायपुर के पुलिस कमिश्नर

आईजी पद पर प्रमोट होने के बाद उन्होंने सीआईडी में भी सेवाएं दीं और पुलिस अकादमी में डायरेक्टर की भूमिका निभाई। रायपुर पुलिस कमिश्नर बनने से पहले वे बिलासपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) थे। जनवरी 2024 में उन्हें बिलासपुर पुलिस जोन का आईजी नियुक्त किया गया था।

 


संबंधित समाचार