रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और कई दोपहिया वाहन चालकों व राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को लिया चपेट में
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी। सुबह करीब 10 बजे फ्लाईओवर से गुजरते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई। सबसे पहले उसने सड़क पर चल रहे कुछ बाइक सवारों को टक्कर मारी और इसके बाद कई राहगीर भी उसकी चपेट में आ गए। हादसे की टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की सहायता की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी
फिलहाल हादसे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। घायलों की संख्या और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।