धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर स्थित नया बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने एक मेडिकल प्रतिष्ठान में जांच की। अधिकारियों की मौजूदगी से इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। कार्रवाई के दौरान टीम ने दस्तावेजों की जांच की और आवश्यक जानकारी जुटाई।
2004 की योजना से जुड़े मामले की जांच
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2004 में संचालित लोक कला जत्था योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के क्रम में की गई। जांच एजेंसी को कुछ वित्तीय दस्तावेजों और लेन-देन के संबंध में जानकारी मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान में जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
दस्तावेजों की जांच के बाद कुछ रिकॉर्ड साथ ले गई टीम
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित पक्ष से आवश्यक जानकारी भी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच के लिए कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज EOW की टीम अपने साथ लेकर रवाना हुई है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जब्त दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच एजेंसी उपलब्ध रिकॉर्ड और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।