होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

शिक्षकों के प्रमोशन में गड़बड़ी, पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने भारी विसंगतियों के लगाए आरोप

शिक्षकों के प्रमोशन में गड़बड़ी, पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने भारी विसंगतियों के लगाए आरोप

बस्तर संभाग की माध्यमिक शालाओं में प्रधान अध्यापक पदोन्नति के लिए जारी पात्रता सूची को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने सूची में गंभीर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मोर्चा का कहना है कि पात्रता सूची में कई ऐसे शिक्षकों के नाम शामिल किए गए हैं, जो नियमानुसार पात्र नहीं हैं, जबकि कई योग्य शिक्षकों को सूची से बाहर कर दिया गया है।

संयुक्त संचालक द्वारा जारी सूची में बताई गईं विसंगतियां

पदोन्नति संघर्ष मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष उमेंद गोटी ने बताया कि संयुक्त संचालक (शिक्षा) बस्तर द्वारा 2 फरवरी को जारी पात्रता सूची में अनेक त्रुटियां पाई गई हैं। बस्तर जिले के बकावण्ड विकासखंड से कुछ ऐसे शिक्षकों को पात्र दर्शाया गया है, जिनकी नियुक्ति या पदोन्नति तिथि निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। इसके बावजूद उन्हें पात्रता सूची में शामिल कर दिया गया है, जिसे मोर्चा ने नियमों के विरुद्ध बताया है।

दंतेवाड़ा जिले में वरिष्ठता क्रम को लेकर आपत्ति

दंतेवाड़ा जिले से जारी पात्रता सूची में भी गंभीर गड़बड़ियों की बात सामने आई है। कुछ शिक्षकों की वास्तविक पदोन्नति तिथि बाद की होने के बावजूद उन्हें पहले की तिथि दर्शाकर पात्र बनाया गया है। इसके अलावा जन्मतिथि के आधार पर तैयार वरिष्ठता सूची में भी गलत क्रम दर्शाए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे वास्तविक वरिष्ठ शिक्षकों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

बीजापुर जिले में योग्य शिक्षक को सूची से बाहर करने का आरोप

बीजापुर जिले से भी एक मामला सामने आया है, जहां शिक्षक मोहम्मद इकबाल को निर्धारित तिथि में पदोन्नत होने के बावजूद पात्रता सूची से बाहर कर दिया गया है। वहीं, उसी अवधि में पदोन्नत अन्य शिक्षकों को सूची में शामिल किया गया है। मोर्चा का कहना है कि यह चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बस्तर कमिश्नर से मिलकर सुधार की मांग

पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि 9 फरवरी 2026 को प्रतिनिधिमंडल संयुक्त संचालक (शिक्षा) और बस्तर कमिश्नर से मुलाकात कर अंतिम बार त्रुटियां सुधारने की मांग करेगा। यदि इसके बाद भी पात्रता सूची में सुधार नहीं किया गया, तो मोर्चा आंदोलन करने या फिर हाईकोर्ट की शरण लेने का विकल्प अपनाएगा।

इन पदाधिकारियों ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति

इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में संभागीय अध्यक्ष उमेंद गोटी, सचिव रामचन्द्र सोनवंशी, सुकमा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा, बीजापुर से कमलेश प्रसाद मिश्रा, दंतेवाड़ा से केदार दास साहू, कोंडागांव से घनश्याम नाग, नारायणपुर से गोकुल यादव और कांकेर से संत कुमार उईके के नाम शामिल हैं।


संबंधित समाचार