Ujjain Simhastha 2028: विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ कुंभ के दौरान उमड़ने वाली करोड़ों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे और प्रशासन ने 'मेगा प्लान' तैयार कर लिया है। गुरुवार सुबह रतलाम से विशेष सैलून के जरिए अधिकारियों का एक बड़ा दल उज्जैन पहुँचा और आसपास के छोटे स्टेशनों को 'होल्डिंग एरिया' के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को परखा।
प्रमुख स्टेशनों पर होगी एंट्री-एग्जिट
एडीआरएम अक्षय कुमार, एडीजी राकेश गुप्ता, संभागयुक्त आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा समेत दर्जनों अधिकारियों ने पंवासा, नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन स्टेशनों का बारीकी से निरीक्षण किया।
शाही स्नान, उज्जैन स्टेशन रहेगा नो एंट्री जोन
एडीआरएम अक्षय कुमार ने स्पष्ट किया कि शाही स्नान और प्रमुख पर्वों के दौरान मुख्य उज्जैन रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक दबाव को रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। शाही स्नान के दिनों में ट्रेनों को उज्जैन स्टेशन तक नहीं लाया जाएगा। उन्हें उज्जैन के बाहरी फ्लैग स्टेशनों पर ही रोका जाएगा। नईखेड़ी स्टेशन पर भीड़ के दबाव को देखते हुए 4 नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। अन्य छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं और सुरक्षा का विस्तार किया जाएगा।
स्टेशन से घाट तक चलेंगी बसें
मेला अधिकारी आशीष सिंह ने क्राउड मैनेजमेंट को लेकर निर्देश दिए कि यात्रियों के स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें मुख्य घाटों तक ले जाने के लिए बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए एग्जिट और एंट्री पॉइंट्स को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को कम से कम पैदल चलना पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
सुरक्षा और एग्जिट प्लान पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों के आने-जाने के रास्तों, सुरक्षा घेरे और आपातकालीन स्थिति में निकासी की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने होल्डिंग एरिया में सीसीटीवी और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती पर भी चर्चा की।