KoylaNchal Congress: मध्य प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया का कोयलांचल नगरी शहडोल आगमन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का नया संचार लेकर आया। विंध्य क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने और संगठन को धार देने के उद्देश्य से पहुंचे राहुल भैया का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
अपने दौरे के दौरान अजय सिंह राहुल भैया सबसे पहले धनपुरी नगर पालिका के उपाध्यक्ष हनुमान खण्डेलवाल के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलमीत सिंह खनूजा के निवास पहुंचे, जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य
मीडिया से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह से संगठनात्मक और औपचारिक है। उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य कांग्रेस के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता से मिलकर उन्हें एकजुट करना है। संगठन ही हमारी ताकत है और हमें पूरी ऊर्जा के साथ कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा। वहीं, बलमीत सिंह खनूजा ने उन्हें क्षेत्र का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि राहुल भैया की सक्रियता से विंध्य में कांग्रेस एक बार फिर नई मजबूती के साथ खड़ी हो रही है।
विंध्य की राजनीति में बदलाव!
सियासी गलियारों में राहुल भैया के इस दौरे को केवल औपचारिक नहीं माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि विंध्य क्षेत्र में उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर सकती है। कार्यकर्ताओं में दिखा यह जबरदस्त उत्साह विपक्षी दलों के लिए भी एक संकेत माना जा रहा है।