होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Morning News : एमपी में 32 लाख का फर्जीवाड़ा, ठंड से राहत और पत्नी की हत्या

MP Morning News : एमपी में 32 लाख का फर्जीवाड़ा, ठंड से राहत और पत्नी की हत्या

MP Morning News : भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ महिला प्रहरी कमला शर्मा पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहकर्मी के बेटे अमन खान और उसके परिजनों ने महिला पर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, महिला ने गबन से जुड़ी एक शिकायत की थी, जिससे नाराज होकर यह हमला किया गया। आरोप है कि हमले के बाद महिला को बेहोशी की हालत में सड़क पर घसीटकर छोड़ दिया गया और पूरी घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। महिला के बयान के आधार पर गांधी नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जेल प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई की अनुशंसा की गई। फिलहाल आरोपी अमन खान की तलाश जारी है।

पीएम मत्स्य संपदा योजना फर्जीवाड़ा

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत शिवपुरी में 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। जांच में सामने आया कि योजना के तहत फर्जी कोटेशन लगाकर सरकारी अनुदान का दुरुपयोग किया गया। इस मामले में सहायक संचालक लक्ष्मण प्रसाद, हितग्राही राजू बाथ, अनिता बाथम, रेखा कुशवाह और गिर्राज जी ऑल सप्लायर फर्म को आरोपी बनाया गया है। EOW ने शिकायत की जांच के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। योजना के तहत महिला हितग्राही को 60 प्रतिशत और पुरुष हितग्राही को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है।

दावोस जाएंगे सीएम मोहन यादव 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रात दावोस के लिए रवाना होंगे। दावोस में वे मध्यप्रदेश के लिए निवेश, तकनीक और रोजगार से जुड़े अहम संवादों में भाग लेंगे। सीएम निवेशकों से सीधे संवाद कर मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी हब के रूप में प्रस्तुत करेंगे। दौरे के दौरान राज्य में नए निवेश आकर्षित करने पर विशेष जोर रहेगा।

मध्यप्रदेश में सर्दी से राहत

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड से फिलहाल कुछ राहत मिली है। पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार जनवरी के आखिरी सप्ताह में सर्दी का एक और तेज दौर आ सकता है। वर्तमान में प्रदेश के ऊपर वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिसके चलते कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। रविवार-सोमवार की रात प्रदेश में सबसे ठंडा कटनी का करौंदी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर 8.2, भोपाल 10.6, ग्वालियर 10.8, उज्जैन 10 और जबलपुर में 13.8 डिग्री तापमान रहा।

आटा चक्की से सरकारी चावल जब्त

भोपाल में एक आटा चक्की से 20 क्विंटल सरकारी चावल जब्त किए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद की गई कार्रवाई में सामने आया कि चावल का अवैध रूप से व्यापार किया जा रहा था। मौके पर दस्तावेज मांगे जाने पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। यह कार्रवाई जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के निर्देशन में की गई।

कछुआ तस्करी में गिरफ्तार आरोपी का थाइलैंड प्रत्यर्पण

मध्यप्रदेश में कछुआ तस्करी के मामले में गिरफ्तार अंतरराष्ट्रीय आरोपी मुरुगेशन को थाइलैंड भेजे जाने का रास्ता साफ हो गया है। दिल्ली कोर्ट ने थाइलैंड प्रत्यर्पण की पुष्टि कर दी है। मुरुगेशन को 900 दुर्लभ प्रजाति के कछुओं के साथ पकड़ा गया था। वह 7 देशों में वन्य जीव अपराध में लिप्त रहा है। पहले सागर कोर्ट से बरी होने के बाद उसे STF ने दोबारा गिरफ्तार किया था।

पति-पत्नी विवाद में महिला की हत्या

भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के दौरान महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि पत्नी पति के गांव में नहीं रहना चाहती थी और भोपाल में रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी पति हेमराज ने खुद महिला के परिवार को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। दोनों की शादी 14 महीने पहले हुई थी और यह दोनों की दूसरी शादी थी। आरोपी सब्जी का ठेला लगाता है।


संबंधित समाचार