होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Morning News : मध्यप्रदेश में घना कोहरा, किसानों को आज मिलेंगी भावांतर राशि

MP Morning News : मध्यप्रदेश में घना कोहरा, किसानों को आज मिलेंगी भावांतर राशि

MP Morning News : मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के करीब 60 प्रतिशत हिस्से में बारिश, ओले और तेज आंधी का असर देखने को मिला है। इसके बाद अब आधे प्रदेश में घना कोहरा छा गया है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के चलते अगले दो दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 31 जनवरी से फिर मावठे की संभावना बनी हुई है।

30 जिलों में ओलावृष्टि

30 से अधिक जिलों में बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई है। ओले गिरने से गेहूं, चना और सरसों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई क्षेत्रों में फसलें आड़ी हो गई हैं, जिससे किसानों को नुकसान और फसल के दाम गिरने की चिंता सताने लगी है। भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया हुआ है।

किसानों को आज मिलेगी भावांतर राशि 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे चौथी किस्त के रूप में प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में 200 करोड़ रुपए की भावांतर राशि अंतरित करेंगे। यह भुगतान उन किसानों को किया जाएगा, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना समाप्ति तक सोयाबीन का विक्रय किया है।
अब तक प्रदेश के कुल 7 लाख 10 हजार किसानों को 1492 करोड़ रुपए की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है।

मल्हारगढ़ को सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में 69.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिसमें, 51.91 करोड़ की लागत से मंदसौर–नीमच स्टेट हाईवे पर मल्हारगढ़ 4-लेन फ्लाईओवर का भूमि-पूजन, 5.53 करोड़ की लागत से पिपलिया मंडी समपार रेलवे अंडर ब्रिज का भूमि-पूजन, 2.06 करोड़ की लागत से मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को राहत मिलेगी।

भोपाल में आज ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह

भोपाल में आज गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक समापन ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह के साथ होगा। राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में यह आयोजन शाम 4:30 बजे जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में होगा। आतिशबाजी के साथ समारोह सम्पन्न होगा। दिल्ली के अलावा केवल भोपाल में ही यह विशेष आयोजन किया जाता है।

7 फरवरी से गेहूं खरीदी पंजीयन

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से शुरू होगा। इस बीच भारतीय किसान संघ ने सरकार को चुनावी वादा याद दिलाते हुए मांग की है कि गेहूं की खरीदी 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।


संबंधित समाचार