विमल विश्वकर्मा, शमशाबाद : शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम करमेडी के जंगल में गाय के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को जंगल क्षेत्र में गाय के अवशेष मिलने के बाद की गई।
5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गोवंश हत्या प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन किया गया और गांव में दबिश देकर आसपास के अलग-अलग स्थानों से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ग्राम करमेडी, बरुआखार, रमपुराखुर्द और सांगुल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
बजरंग दल ने किया था प्रदर्शन
आपको बता दें कि बीते दिनों विदिशा जिले के शमशाबाद के ग्राम करमेडी के जंगल में गाय का शव मिलने के बाद शमशाबाद में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। घटना के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहर में चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने छोटे चौराहा पर सड़क जाम कर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।