होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Breaking News: CM मोहन यादव का इंदौर-दिल्ली दौरा, बैंक हड़ताल से लेकर भोपाल मास्टर प्लान तक आज की बड़ी खबरें

MP Breaking News: CM मोहन यादव का इंदौर-दिल्ली दौरा, बैंक हड़ताल से लेकर भोपाल मास्टर प्लान तक आज की बड़ी खबरें

MP Breaking News: मध्य प्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और कर्मचारी गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। इंदौर में वे यात्री परिवहन विजन समिट-2026 में शामिल होंगे, जहां प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने को लेकर मंथन होगा। वहीं, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी आज हड़ताल पर रहेंगे। दूसरी ओर भोपाल मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा 31 घंटे के उपवास पर बैठेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश में दो विशेष अभियानों की शुरुआत भी प्रस्तावित है।

इंदौर में यात्री परिवहन विजन समिट-2026

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में दो दिवसीय मध्यप्रदेश यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में निजी बस ऑपरेटरों के साथ नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, बस निर्माता कंपनियां, टेक्नोलॉजी से जुड़े संस्थान, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। समिट का प्रमुख उद्देश्य मध्य प्रदेश में ऐसा यात्री परिवहन तंत्र विकसित करना है, जो ज्यादा कनेक्टेड, आर्थिक रूप से टिकाऊ, डिजिटल तकनीक से सक्षम और यात्रियों की जरूरतों पर केंद्रित हो।

इन मुद्दों पर रहेगा फोकस

समिट में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इनमें प्रमुख रूप से  PPP मॉडल पर आधारित मोबिलिटी व्यवस्था, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम, परिवहन व्यवस्था की वित्तीय स्थिरता, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल मोबिलिटी, एकीकृत टिकटिंग व्यवस्था और यात्रियों के बेहतर अनुभव पर जोर दिया है, इसके अलावा प्रदेश में उच्च संभावनाओं वाले मोबिलिटी क्षेत्रों और परिवहन क्षेत्र में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

CM मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को इंदौर और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 10:15 बजे बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर यात्री परिवहन विजन समिट में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री करीब 2:45 बजे इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की संभावना है।

बैंक कर्मचारी आज हड़ताल पर

बैंक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर आज देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मध्य प्रदेश में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। भोपाल के एमपी नगर जोन-1 में कर्मचारी प्रदर्शन और रैली करेंगे।प्रदर्शन सुबह करीब 10:30 बजे शुरू होने की जानकारी है। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। इसके बाद शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण लगातार तीन दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित रह सकता है।

बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

बैंक कर्मचारी मुख्य रूप से इन मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं—

पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करना
पेंशन अपडेट करना और समान डीए की व्यवस्था
एनपीएस की जगह ओपीएस लागू करना
बैंकिंग क्षेत्र में खाली पदों पर भर्ती
ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाना
अधिकारियों से जुड़ी कुछ मौजूदा व्यवस्थाओं में बदलाव 

भोपाल मास्टर प्लान को लेकर पूर्व मंत्री का उपवास

भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस और सरकार के बीच राजनीतिक बहस तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा रोशनपुरा चौराहे पर 31 घंटे के उपवास पर बैठेंगे। उनका आरोप है कि मास्टर प्लान लागू नहीं होने के कारण सीलिंग और जमीन से जुड़े मामलों में आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री जल्द से जल्द भोपाल मास्टर प्लान लागू करने की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि भोपाल का मास्टर प्लान लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है और आखिरी मास्टर प्लान को जारी हुए करीब तीन दशक से ज्यादा समय बीत चुका है।

PM मोदी के जन्मदिन से शुरू होंगे दो अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्य प्रदेश में दो विशेष अभियानों की शुरुआत की जाएगी। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति से जुड़े अधिकारों को मजबूत करने के लिए स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान भी शामिल है। बताया गया है कि इस अभियान के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र में लोगों की संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसका लाभ प्रदेश के करीब 50 लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत भी प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रदेशभर में 58 दीपक जलाकर अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत किए जाने की योजना है।


संबंधित समाचार