होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: आज CM साय का बिलासपुर-रायपुर दौरा, कांग्रेस की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस; लोक संस्कृति का दिखेगा रंग

Morning Breaking: आज CM साय का बिलासपुर-रायपुर दौरा, कांग्रेस की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस; लोक संस्कृति का दिखेगा रंग

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिहाज से खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर और रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं रायपुर के राजीव भवन में महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले पत्रकारों से चर्चा करेंगे। इसके अलावा राजधानी में आज से तीन दिवसीय लोकरंग पर्व की शुरुआत होने जा रही है। लोककला और लोक संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

तीजा-पोरा तिहार में शामिल होंगे CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को बिलासपुर और रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा तिहार के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:25 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और लगभग 2:05 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे। बिलासपुर के बहतराई स्थित बी.आर. यादव इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीजा तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में स्थानीय परंपराओं और पर्व से जुड़े आयोजनों में उनकी सहभागिता रहेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 3:45 बजे बिलासपुर से वापस रायपुर लौटेंगे। राजधानी पहुंचने के बाद शाम 6 बजे कबीर नगर के दशहरा मैदान में आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे।

नाना पटोले आज रायपुर में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस के राजीव भवन में आज दोपहर 1 बजे पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की भी मौजूदगी रहेगी। माना जा रहा है कि पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेश की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रख सकती है।

रायपुर में आज से तीन दिवसीय लोकरंग पर्व

छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग की ओर से तीन दिवसीय लोकरंग पर्व का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 6, 7 और 8 सितंबर को रायपुर स्थित महंत घासीदास संग्रहालय परिसर के मुक्ताकाशी मंच में होगा। तीनों दिन कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होंगे। लोकरंग पर्व में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं और लोकगाथाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में भरथरी, पंडवानी, लोरिकचंदा, नाचा और गम्मत शामिल हैं। इसके अलावा सुआ, करमा और पंथी जैसे पारंपरिक लोकनृत्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे। लोक गायन की समृद्ध परंपरा को दर्शाने के लिए बांसगीत, देवारगीत, ददरिया और जसगीत की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे दर्शकों को प्रदेश की विविध लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

आकाशवाणी पर सुनें ‘जिले की चिट्ठी’

आकाशवाणी रायपुर के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘जिले की चिट्ठी’ में आज रायगढ़ जिले की गतिविधियों और महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी श्रोताओं तक पहुंचाई जाएगी। यह विशेष कार्यक्रम शाम 6:05 बजे प्रसारित होगा। कार्यक्रम को प्रदेश के विभिन्न आकाशवाणी केंद्रों से भी रिले किया जाएगा, जिससे अलग-अलग जिलों के श्रोता भी इसे सुन सकेंगे।


संबंधित समाचार