Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक कार्यक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिनभर राजधानी में रहकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त भी आज जारी होगी, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। राजधानी में आज आदि परब-2026 कार्यक्रम की भी शुरुआत होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में रहकर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे, दोपहर 1 बजे दूसरे छत्तीसगढ़ ग्रीन समिट में शामिल होंगे, दोपहर 2:15 बजे रायपुर में TJSB सहकारी बैंक की पहली शाखा का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 3:15 बजे फिर से विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे। शाम 5 बजे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 22वीं किस्त वितरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पीएम किसान की 22वीं किस्त आज जारी:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। देश के 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,650 करोड़ रुपये ट्रांसफर होंगे। छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को 498.83 करोड़ रुपये मिलेंगे। योजना से 2.92 लाख वन पट्टाधारी और 37,400 विशेष पिछड़ी जनजाति किसान भी लाभान्वित होंगे। रायपुर के कृषि महाविद्यालय जोरा से इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जहां किसान वर्चुअली जुड़ेंगे। योजना की शुरुआत से अब तक प्रदेश के किसानों को 11,283 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है।
17 मार्च को कांग्रेस करेगी विधानसभा घेराव:
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। 17 मार्च को दोपहर 12 बजे विधानसभा का घेराव करेंगे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहेंगे, पिछले दो महीनों से प्रदेशभर में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
युवा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज:
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश तिवारी आज दोपहर 2 बजे राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आज से शुरू होगा “आदि परब-2026” नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आज से “आदि परब-2026” कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस आयोजन की मुख्य थीम: “परम्परा से पहचान तक” आदि-परिधान जनजातीय अटायर शो, “आदि रंग” चित्रकला महोत्सव “आदि-हाट” शिल्प मेला इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की 43 जनजातियों के साथ मध्यप्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और झारखंड के कलाकार भी हिस्सा लेंगे।
प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज:
छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। अगले कुछ दिनों में 3 से 5 डिग्री तापमान गिरने की संभावना है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 39.5°C, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 13.7°C दर्ज किया है।