Raipur-Rewa Direct Flight: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के प्रमुख शहर रीवा के बीच अब सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। क्षेत्रीय विमानन कंपनी एलायंस एयर 17 मार्च से इस नए रूट पर नियमित उड़ानें शुरू करेगी। इस नई सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। अब तक यात्रियों को रायपुर से रीवा जाने के लिए सड़क या रेल मार्ग से कई घंटे का लंबा सफर तय करना पड़ता था। लेकिन नई फ्लाइट सेवा शुरू होने के बाद यह दूरी महज करीब एक घंटे में तय की जा सकेगी। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मैहर और चित्रकूट जाना भी होगा आसान
रायपुर से रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से मैहर माता मंदिर के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा चित्रकूट, प्रयागराज और वाराणसी जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। नई फ्लाइट सेवा से विंध्य क्षेत्र में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी फ्लाइट
उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह उड़ान फिलहाल सप्ताह में तीन दिन – मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। इस रूट पर कंपनी ATR-72 विमान का संचालन करेगी। यह विमान कम दूरी के क्षेत्रीय रूट के लिए उपयुक्त माना जाता है और इसमें करीब 72 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है।
फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
जारी शेड्यूल के मुताबिक उड़ान का संचालन इस प्रकार होगा:
दिल्ली से रीवा – दोपहर 12:30 बजे आगमन
रीवा से रायपुर – दोपहर 3:15 बजे प्रस्थान, 4:15 बजे आगमन
रायपुर से रीवा – शाम 5:00 बजे प्रस्थान, 6:15 बजे आगमन
रीवा से दिल्ली – शाम 6:40 बजे प्रस्थान
इस शेड्यूल के जरिए दिल्ली, रीवा और रायपुर के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
टिकट किराया और बुकिंग शुरू
इस नए रूट के लिए टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती किराया रीवा से रायपुर - लगभग 3,614 रुपये, रायपुर से रीवा – करीब 4,293 रुपये तय किया गया है, कंपनी के अनुसार यात्रियों की मांग के आधार पर आगे चलकर किराए और उड़ानों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।