होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 10वां दिन: मंगलीबाई रावटे को श्रद्धांजलि, 77 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा...

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 10वां दिन: मंगलीबाई रावटे को श्रद्धांजलि, 77 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा...

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत अविभाजित मध्यप्रदेश की पूर्व विधानसभा सदस्य मंगलीबाई रावटे के निधन पर शोक प्रस्ताव और श्रद्धांजलि के साथ होगी। इसके बाद सदन की नियमित कार्यवाही आगे बढ़ेगी। आज के सत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने के साथ-साथ विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल-जवाब और प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। विधानसभा में विभिन्न विषयों को लेकर कुल 77 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए हैं, जिन पर चर्चा होने की संभावना है।

मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल:

सदन में आज कई मंत्रियों से उनके विभागों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों के जवाब देने के लिए मंत्री रामविचार नेताम, राजेश अग्रवाल और ओपी चौधरी सदन में उपस्थित रहेंगे। वहीं वित्त और वाणिज्य कर से जुड़े विषय पर मंत्री ओपी चौधरी द्वारा छत्तीसगढ़ मूल्य संवर्धित कर अधिनियम 2005 (VAT Act) को सदन के पटल पर रखा जाएगा।

विधायकों द्वारा याचिकाओं की प्रस्तुति:

आज की कार्यवाही में कई विधायकों द्वारा सदन में याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से विधायक भोलाराम साहू, अनिला भेंडिया, रिकेश सेन और धरमलाल कौशिक शामिल हैं, जो अलग-अलग विषयों से जुड़ी याचिकाएं सदन के सामने रखेंगे।

अनुदान मांगों पर होगी चर्चा:

विधानसभा में आज मंत्री टंक राम वर्मा, गजेंद्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब के विभागों से जुड़ी अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों की ओर से अपने-अपने तर्क रखे जाने की संभावना है।

पर्यटन विभाग से जुड़े सवाल पर आधे घंटे की चर्चा:

27 फरवरी की प्रश्नोत्तर सूची में पर्यटन मंत्री से पूछे गए एक सवाल पर आज आधे घंटे की विशेष चर्चा भी निर्धारित की गई है। इसमें पर्यटन से जुड़े मुद्दों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।

सदन में पेश होंगे तीन अशासकीय संकल्प:

आज सदन में तीन अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किए जाएंगे। यह संकल्प विधायक रिकेश सेन, लखेश्वर बघेल और पुन्नूलाल मोहले द्वारा सदन में रखे जाएंगे। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक बजट सत्र के इस चरण में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, जिससे सदन की कार्यवाही काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।


संबंधित समाचार