होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning breaking: CM साय का दौरा, HC चीफ जस्टिस की शपथ, पेपर लीक के बाद परीक्षा और OBC सम्मेलन

Morning breaking: CM साय का दौरा, HC चीफ जस्टिस की शपथ, पेपर लीक के बाद परीक्षा और OBC सम्मेलन

Morning Breaking: आज का दिन कई महत्वपूर्ण गतिविधियों के लिहाज से खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वहीं हाई कोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक के बाद स्थगित परीक्षाएं भी आज से दोबारा शुरू होंगी। इसके अलावा ऑनलाइन बेटिंग और महादेव ऐप के खिलाफ प्रदर्शन प्रस्तावित है। भाजपा ओबीसी मोर्चा का संभागस्तरीय सम्मेलन और रायपुर प्रेस क्लब का तीज उत्सव भी चर्चा में है।

मुख्यमंत्री साय आज कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:20 बजे मुख्यमंत्री निवास से लोक भवन के लिए रवाना होंगे। यहां आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में वे शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे मुख्यमंत्री निवास वापस लौटेंगे। शाम 3 बजे वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे, जहां रायपुर संभाग प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है।

हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र लेंगे शपथ

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्र सोमवार को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल रमेन डेका उन्हें शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1:30 बजे रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित होगा। समारोह में प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

पेपर लीक के बाद आज से शुरू होंगी स्थगित परीक्षाएं

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक होने के बाद जिन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, उनका नया कार्यक्रम आज से लागू होगा। तीन विषयों की परीक्षाएं 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रश्नपत्र भेजने की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब कॉलेजों को प्रश्नपत्र पैकेट के जरिए भेजने के बजाय पासवर्ड-सुरक्षित ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले संबंधित कॉलेज को प्रश्नपत्र का पासवर्ड दिया जाएगा। प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया समिति के सदस्यों की मौजूदगी में पूरी होगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

महादेव ऐप और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ प्रदर्शन

ऑनलाइन बेटिंग ऐप और सट्टेबाजी के खिलाफ छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच सोमवार को राजधानी रायपुर में प्रदर्शन करेगा। मंच की ओर से दोपहर 12 बजे गुरु घासीदास प्लाजा से पैदल मार्च निकाला जाएगा। प्रस्तावित मार्च के बाद लोक भवन का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने की योजना है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी से प्रभावित युवाओं के लिए पुनर्वास एवं काउंसलिंग व्यवस्था शुरू करना शामिल है। मंच की ओर से ऑनलाइन बेटिंग, सट्टा, जुआ और अवैध फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़े ऐप पर छत्तीसगढ़ में पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई जाएगी।

भाजपा ओबीसी मोर्चा का संभागस्तरीय सम्मेलन

रायपुर में 7 सितंबर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का संभागस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। रायपुर संभाग के अलग-अलग जिलों से भाजपा कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन सम्मेलन में पहुंचेंगे। सम्मेलन के दौरान शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, कारोबार, कृषि और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग के बीच संवाद तथा सहभागिता को मजबूत करना है।

रायपुर प्रेस क्लब में हुआ तीज महोत्सव

रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों के लिए तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक तीज की झलक देखने को मिली और महिला पत्रकारों ने उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना वोरा विशेष रूप से मौजूद रहीं। अतिथियों ने महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। तीज महोत्सव में रैंप वॉक प्रमुख आकर्षण रहा। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंगों ने आयोजन को खास बना दिया।


संबंधित समाचार