होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: CM विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी समेत पढ़ें 5 बड़ी खबरें

Morning Breaking: CM विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी समेत पढ़ें 5 बड़ी खबरें

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज यानी 4 नवंबर को कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा भाटापारा-हथबंद रेलखंड पर तीन दिनों तक सड़क यातायात बंद रहेगा। वहीं नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास 8 नवंबर तक आवेदन का मौका है। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ की आज की पांच बड़ी खबरें।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बुधवार को जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे जशपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:50 बजे आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' सभा और पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे हेलमेट बैंक का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे बनगांव में आयोजित आंचलिक करमा पूजा महोत्सव में शामिल होने का है। सभी निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे। यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

महादेव सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर की आज CBI कोर्ट में पेशी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले के फाउंडर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। ओमान से भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। अब छत्तीसगढ़ में इस चर्चित मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी। अदालत में पेशी के बाद जांच एजेंसियां सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर सकती हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, छह मंडलों में होगा पुतला दहन

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। शासकीय श्यामाचरण कॉलेज धरसींवा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा कथित राजनीतिक बयानबाजी किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस की ओर से बुधवार 4 नवंबर को शाम 4 बजे धरसींवा ब्लॉक के सभी छह मंडलों में विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन किया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के.के. शर्मा को निलंबित करने की मांग उठाएंगे। इस संबंध में तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर रायपुर और उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष बंजारे स्वयं जोरा मंडल में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। इस विरोध प्रदर्शन से धरसींवा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।

भाटापारा-हथबंद के सिद्धबाबा रेलवे फाटक पर तीन दिन बंद रहेगा आवागमन

छत्तीसगढ़ में रेल मरम्मत कार्य के चलते सड़क से यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भाटापारा-हथबंद रेलखंड पर स्थित सिद्धबाबा रेलवे समपार फाटक को तीन दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अनुसार, समपार फाटक क्रमांक 385 पर जरूरी मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते यह फाटक 4 नवंबर की सुबह 9 बजे से 6 नवंबर की शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, भाटापारा और हथबंद रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित सिद्धबाबा समपार फाटक (किलोमीटर 766/13-15) की अप लाइन में मरम्मत की जानी है। इस दौरान फाटक से गुजरने वाले सभी प्रकार के सड़क वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे में इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी जाती है।

Nursing Admission 2026: नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए 8 नवंबर तक करें आवेदन

छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 8 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू हुई थी। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, नर्सिंग के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ ही कॉलेजों का विकल्प भरना भी अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को 8 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन, कॉलेजों का चयन, विकल्पों को अंतिम रूप देने और निर्धारित शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इस काउंसिलिंग के माध्यम से निम्नलिखित पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा:
बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing)
एमएससी नर्सिंग (M.Sc Nursing)
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग
पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
अभ्यर्थी वर्ग    निर्धारित शुल्क
सामान्य वर्ग    ₹1,000
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)    ₹1,000
अनुसूचित जाति (SC)    ₹500
अनुसूचित जनजाति (ST)    ₹500

अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि आवेदन के साथ ही कॉलेजों का चयन करना जरूरी है। इसके लिए अलग से अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। इसलिए पात्र उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।


संबंधित समाचार