शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन डग्गी वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई बुढ़ार थाना क्षेत्र के सोन नदी स्थित बटली घाट पर बुधवार सुबह 06 बजे के करीब की गई। हालांकि इस दौरान एक वाहन मौका देखकर फरार हो गया।
टीम ने पहले इलाके की निगरानी
कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए खनिज विभाग की टीम ने पहले इलाके की निगरानी की। बताया गया कि खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने देर रात बाइक से मौके पर पहुंचकर कई घंटे तक स्थिति पर नजर रखी। इसके बाद सुबह टीम ने दबिश देकर कथित अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल हो रहे वाहनों को पकड़ लिया।
मौके पर बड़ी संख्या में मजदूर रहे मौजूद
जानकारी के मुताबिक बटली घाट के अलावा कसेढ़ और जरवाही क्षेत्रों से भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। कार्रवाई के दौरान मौके पर मजदूरों की मौजूदगी भी बताई गई। इसी दौरान एक वाहन रेत खाली कर वहां से निकल गया। विभाग के अनुसार घटना से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।
स्थानीय स्तर पर रेत कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा इलाके में निगरानी नेटवर्क सक्रिय होने और कार्रवाई की जानकारी पहले पहुंचने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि आगे की कार्रवाई में अवैध रेत कारोबार पर कितना अंकुश लगता है।