भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस इन दिनों राम मंदिर से लेकर सनातन तक के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही है। इसी कड़ी में आज पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमे उन्होंने बीजेपी को भ्रष्टाचार की जड़ बताया। साथ ही Rss को अपंजीकृत संस्था सहित कई बड़े बयान दिए। जिस पर पलटवार करते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि दिग्विजय ने भगवे का अपमान किया है, वो देशद्रोही है। इसके लिए उन्हें सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
दिग्विजय को सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं
सारंग ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ऐसे लोगों का समर्थन करते हैं, जिन्हें भाजपा हिंदू विरोधी मानती है। उन्होंने राम मंदिर और रामसेतु से जुड़े मुद्दों को लेकर भी कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। साथ ही विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने जैसे गंभीर आरोप लगाए, हालांकि इन आरोपों को उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी के तौर पर रखा।
भाजपा के साथ समाज के सभी वर्ग खड़े
वहीं, जीतू पटवारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी सारंग ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि युवा देश की उम्मीद हैं और भाजपा के साथ समाज के सभी वर्ग खड़े हैं। सारंग ने कांग्रेस पर बिना पर्याप्त तथ्यों और अध्ययन के मुद्दे उठाने का आरोप लगाया।