होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मदननगर हिंसा केस में बड़ा एक्शन: 15 नामजद सहित 100-150 लोगों पर केस, वीडियो फुटेज से होगी पहचान

मदननगर हिंसा केस में बड़ा एक्शन: 15 नामजद सहित 100-150 लोगों पर केस, वीडियो फुटेज से होगी पहचान

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हिंसक हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 15 नामजद आरोपियों सहित 100 से 150 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर पुलिस की टीम पुराने आपराधिक मामले में वांछित पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विरोध हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, फरसा और टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में एसडीओपी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम सुरक्षित बाहर निकल सकी।

सैकड़ों ग्रामीणों पर दर्ज हुआ मामला

घटना की विस्तृत जांच के बाद प्रतापपुर थाना पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के साथ 100 से 150 अन्य ग्रामीणों को भी आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। घटनास्थल के वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित समाचार