सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोन्टा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक क्रेटा कार और तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹1.11 करोड़ जबकि जब्त संपत्ति का कुल मूल्य ₹1.27 करोड़ से अधिक आंका गया है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
28 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे थाना कोन्टा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान के भीलवाड़ा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक-5, ढोंढरा क्षेत्र में सघन नाकाबंदी की। सुबह लगभग 9:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 110 पैकेटों में भरा हुआ कुल 223.020 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान दुर्गा शंकर खारोल (19 वर्ष), मनीष खारोल (21 वर्ष), रामदेव खारोल (23 वर्ष) तीनों आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, नकद राशि तथा अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे तस्करी
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जब्त क्रेटा कार पर OD-02-AX-7858 नंबर प्लेट लगी थी, जबकि वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-02-CF-1159 निकला। इंजन और चेसिस नंबर के सत्यापन के बाद इसकी पुष्टि हुई। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा खरीदकर राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचते थे और पुलिस की नजर से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे।
जब्त सामग्री
223.020 किलोग्राम अवैध गांजा (110 पैकेट)
एक क्रेटा कार
3 मोबाइल फोन
नकद राशि
अन्य दस्तावेज एवं सामग्री
कुल जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य – ₹1,27,26,600
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना कोन्टा में अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा संबंधित अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में विस्तृत जांच कर रही है।
सुकमा पुलिस की जनता से अपील
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।