भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। सदन में 7,765.77 करोड़ रुपये के प्रथम अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। इस दौरान सत्ता पक्ष अतिरिक्त बजट के माध्यम से विभिन्न विभागों और विकास परियोजनाओं के लिए किए गए वित्तीय प्रावधानों का पक्ष रखेगा, जबकि विपक्ष सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और खर्चों पर सवाल उठाने की तैयारी में है।
तीसरे दिन भी सदन में हंगामे के आसार
सत्र के तीसरे दिन सदन में तीखी बहस के साथ हंगामे के भी पूरे आसार हैं। कांग्रेस विधायक राहुल गांधी की गिरफ्तारी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर चुके हैं। माना जा रहा है कि विपक्ष इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाएगा, जिससे कार्यवाही प्रभावित हो सकती है।
सरकार को घेरने की कांग्रेस ने बनाई रणनीति
कांग्रेस सहित विपक्षी दल प्रदेश की कानून-व्यवस्था, किसानों, बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुके हैं। ऐसे में सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। वहीं सरकार का कहना है कि अनुपूरक बजट प्रदेश के विकास कार्यों को गति देने, विभिन्न विभागों की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने और नई योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक है।
विधानसभा का माहौल पूरे दिन गरम रहने की संभावना
बजट पर चर्चा के दौरान सरकार अपने वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों का पक्ष मजबूती से रखेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आज की कार्यवाही में अनुपूरक बजट के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों का भी असर देखने को मिलेगा, जिससे विधानसभा का माहौल पूरे दिन गरम रहने की संभावना है।