होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई! होटल से भारी मात्रा में कीटनाशक और खाद जब्त

कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई! होटल से भारी मात्रा में कीटनाशक और खाद जब्त

बिलासपुर। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले में अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित एक होटल परिसर में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कीटनाशक दवाइयां और जैव उत्प्रेरक खाद बरामद किए। प्राथमिक जांच के बाद जब्त सामग्री के विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

होटल के प्रथम तल पर मिला कृषि सामग्री का भंडार

जिला स्तरीय टीम को मिली सूचना के आधार पर सिरगिट्टी स्थित होटल गोल्डन स्टे के प्रथम तल पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में कृषि आदान बिना वैध प्रक्रिया के भंडारित मिले। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सामग्री को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

14 हजार से अधिक किलो-लीटर सामग्री जब्त

छापेमारी में करीब 4,610 लीटर पौध संरक्षण (कीटनाशक) दवाइयां तथा 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद बरामद किए गए। इस तरह कुल लगभग 14 हजार किलो-लीटर कृषि आदान जब्त किए गए। विभाग ने संदेहास्पद उत्पादों के नमूने एकत्र कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

कृषि विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रकरण में उर्वरक एवं कीटनाशक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जब्त सामग्री के विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए उसे सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।

नकली और अमानक कृषि सामग्री पर अभियान जारी रहेगा

कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निरीक्षक मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अवैध भंडारण, नकली उर्वरक, अमानक कीटनाशकों और अन्य कृषि आदानों के खिलाफ आगे भी नियमित जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


संबंधित समाचार