होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

साल में सिर्फ एक दिन खुलता है मां लिंगेश्वरी का दरबार, दर्शन के लिए लगी लंबी कतार

साल में सिर्फ एक दिन खुलता है मां लिंगेश्वरी का दरबार, दर्शन के लिए लगी लंबी कतार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र स्थित झाटीबन पहाड़ी की गुफा में विराजमान मां लिंगेश्वरी के कपाट बुधवार सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंदिर के कपाट खुलते ही माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां लिंगेश्वरी का यह गुफा मंदिर वर्ष में केवल एक दिन श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। इसी वजह से यहां दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

तीन दिन से दर्शन के इंतजार में डटे श्रद्धालु

मां लिंगेश्वरी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई भक्त दो से तीन दिन पहले ही मंदिर क्षेत्र में पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कपाट खुलने के बाद गुफा मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखाई दी। दूर-दराज के इलाकों से आए भक्तों का मानना है कि मां लिंगेश्वरी के दर्शन करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही आस्था हर साल बड़ी संख्या में लोगों को इस दुर्लभ धार्मिक स्थल तक खींच लाती है।

बस्तर महाराजा ने पत्नी के साथ किए मां के दर्शन

मां लिंगेश्वरी के दर्शन करने वालों में बस्तर महाराजा कमल चंद भंजदेव भी शामिल रहे। वे अपनी धर्मपत्नी के साथ गुफा मंदिर पहुंचे और माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां लिंगेश्वरी से संतान प्राप्ति की कामना की। मंदिर के पुजारी के अनुसार, गुफा के भीतर प्रवेश करने पर शेर के पदचिह्न दिखाई देते हैं। इन्हें क्षेत्र में अच्छी बारिश, बेहतर फसल और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

रात 12 बजे तक होंगे मां लिंगेश्वरी के दर्शन

मंदिर में दर्शन का सिलसिला आज रात 12 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया जाएगा। मंदिर समिति की ओर से निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद गुफा के द्वार दोबारा बंद कर दिए जाएंगे। साल में केवल एक दिन खुलने वाले मां लिंगेश्वरी के इस गुफा मंदिर में दर्शन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह रहता है। कपाट खुलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है।


संबंधित समाचार