होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

चित्रोत्पला फिल्मसिटी की धीमी रफ्तार पर टूरिज्म बोर्ड नाराज, एजेंसी को मिला सख्त नोटिस

चित्रोत्पला फिल्मसिटी की धीमी रफ्तार पर टूरिज्म बोर्ड नाराज, एजेंसी को मिला सख्त नोटिस

रायपुर। नवा रायपुर में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्मसिटी के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। परियोजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित निर्माण एजेंसी को औपचारिक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में संविदात्मक शर्तों के पालन में कमी पाए जाने पर करीब 17 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी इनवोक कर जब्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में काम की स्थिति में संतोषजनक सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध समाप्त करने सहित अनुबंध और कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जा सकती है।

जनवरी में हुआ था परियोजना का भूमिपूजन

चित्रोत्पला फिल्मसिटी का भूमिपूजन इस साल जनवरी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में किया था। इसके साथ ही ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भी भूमिपूजन हुआ था। परियोजना को छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और राज्य को फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर प्रस्तुत किया गया है।

करीब 100 एकड़ में विकसित होगी फिल्मसिटी

माना-तूता क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ जमीन पर चित्रोत्पला फिल्मसिटी विकसित करने की योजना है। इसमें फिल्म निर्माण से जुड़ी कई आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत आधुनिक फिल्म स्टूडियो, इंडोर और आउटडोर शूटिंग लोकेशन, स्थायी फिल्म सेट, प्री-प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाओं सहित फिल्म उद्योग से जुड़ी अन्य आधारभूत संरचनाएं विकसित की जानी हैं। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के साथ बाहरी राज्यों के फिल्म निर्माताओं को भी राज्य में शूटिंग के लिए आकर्षित करना है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के लिए रोजगार एवं काम के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

निर्माण की धीमी रफ्तार पर बोर्ड ने जताई नाराजगी

परियोजना की समीक्षा के दौरान टूरिज्म बोर्ड को निर्माण कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। इसके अलावा परियोजना प्रबंधन, आवश्यक अनुमतियों और तकनीकी दस्तावेजों से संबंधित कमियां भी सामने आने की बात कही गई है। बोर्ड ने संबंधित एजेंसी को जरूरी डिजाइन और तकनीकी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक अनुमतियां हासिल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही साइट पर पर्याप्त तकनीकी एवं पेशेवर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सिर्फ आश्वासन नहीं, मौके पर दिखना चाहिए काम

नोटिस में एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि केवल पत्राचार, आश्वासन या भविष्य की प्रस्तावित समय-सारिणी को परियोजना की प्रगति नहीं माना जाएगा। बोर्ड ने साइट पर वास्तविक और सत्यापन योग्य भौतिक प्रगति दिखाने को कहा है। यदि निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य में संतोषजनक सुधार नहीं दिखाई देता है, तो बैंक गारंटी इनवोक करने और उसे जब्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

समय पर पूरा करने पर जोर

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्मसिटी राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को तय समयसीमा के अनुसार जमीन पर ठोस प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं होने की स्थिति में बैंक गारंटी जब्त करने सहित अनुबंध में निर्धारित अन्य कार्रवाई की जा सकती है। बोर्ड का जोर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और जिम्मेदारियों की स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित करने पर है।


संबंधित समाचार