शहडोल शहर में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग किनारे स्थित एक पुराने दो मंजिला इलेक्ट्रॉनिक्स भवन में काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक लोहे का गार्डर टूट गया, जिससे निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे में काम कर रहे दो मजदूर दब गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने राहत कार्य शुरू किया और दोनों को मलबे से बाहर निकाला। घायल मजदूरों की पहचान औढेरा निवासी हीरालाल रैदास और लाला सिंह के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगरपालिका की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने भवन में मौजूद लोगों को बाहर कराया और खतरे वाले हिस्से को जेसीबी की मदद से ढहा दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भवन काफी पुराना है और उसमें दुकान भी संचालित हो रही थी। निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।