रायपुर: होली का त्योहार करीब आते ही लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। रायपुर से देश के प्रमुख महानगरों की ओर जाने वाली कई ट्रेनों में ऑनलाइन कन्फर्म सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, जिसके चलते अब वेटिंग की स्थिति बनने लगी है। खासकर उत्तर भारत और पूर्वी भारत जाने वाले रूट पर टिकट का दबाव सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।
पटना रूट पर सबसे ज्यादा दबाव, गुजरात और हावड़ा भी पीछे नहीं
वर्तमान स्थिति की बात करें तो पटना की ओर जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक वेटिंग दर्ज की जा रही है। इसके बाद रायपुर से गुजरात और हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में भी टिकट मिलना मुश्किल होता जा रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले दिनों में वेटिंग और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
जयपुर-मथुरा जाने वालों की भीड़, दुर्ग-अजमेर ट्रेन में बढ़ी वेटिंग
होली के दौरान बड़ी संख्या में लोग जयपुर और मथुरा का रुख करते हैं। इसी वजह से दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई है। फिलहाल इस ट्रेन में स्लीपर क्लास में वेटिंग 50 तक, थर्ड एसी में वेटिंग 30 तक पहुंच चुकी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहार नजदीक आते ही यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है।
इन रूटों पर अभी राहत, पर्याप्त सीटें उपलब्ध
हालांकि, सभी रूटों पर अभी दबाव नहीं है। रायपुर से दिल्ली, भोपाल, हैदराबाद और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में फिलहाल पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। इन ट्रेनों में अभी वेटिंग शुरू नहीं हुई है और 200 से अधिक सीटें खाली बताई जा रही हैं। रेलवे का कहना है कि अगर इन रूटों पर भी दबाव बढ़ता है, तो आगे चलकर होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
दुर्ग-निजामुद्दीन के बीच चलेगी होली स्पेशल ट्रेन
होली के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दुर्ग और निजामुद्दीन के बीच होली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (08751/08752) चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जानिए होली स्पेशल ट्रेन का समय-सारणी
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार— गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन होली स्पेशल ट्रेन 1 और 2 मार्च 2026 को सुबह 10:45 बजे दुर्ग से रवाना होगी, 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी और 5 मिनट बाद आगे रवाना होगी। 1:20 बजे उसलापुर, फिर पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया होते हुए। शाम 7:30 बजे कटनी मुड़वारा पहुंचेगी, रात के सफर में ट्रेन दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए। अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी बढ़ी वेटिंग
रायपुर-हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी टिकटों की स्थिति बिगड़ने लगी है। शालीमार एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 9, आजाद हिंद एक्सप्रेस में 18, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस में 27 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस में वेटिंग 60 के पार पहुंच चुकी है।
बिहार-यूपी की ट्रेनों में वेटिंग 80 के करीब
होली को लेकर 1 और 2 मार्च के बीच बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों में भारी दबाव देखा जा रहा है। सारनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 81, थर्ड एसी में 41 साउथ बिहार एक्सप्रेस में वेटिंग 62 बरौनी एक्सप्रेस में वेटिंग 20 तक पहुंच चुकी है।
बताया जा रहा है कि इस बार होली पर सारनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव सबसे अधिक रहेगा, क्योंकि यह ट्रेन छत्तीसगढ़ से होकर मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार जाती है।