होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प: भारी पुलिस बल तैनात, मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कार्रवाई की कही बात 

दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प: भारी पुलिस बल तैनात, मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कार्रवाई की कही बात 

छत्तीसगढ़ के राजिम से लगे दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच उपजा तनाव हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कथित तौर पर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद हालात तेजी से बिगड़ते चले गए और मारपीट, आगजनी व पथराव जैसी घटनाएं सामने आईं। स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन ने कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर इलाके में तैनात किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले—दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और सरकार पूरी गंभीरता से स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल तीनों आरोपियों सहित जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर ही हर कदम उठाएगी और किसी भी तरह की अवैध कार्रवाई नहीं की जाएगी।

शिव मंदिर में तोड़फोड़ से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, दुधकैयां गांव में एक युवक द्वारा शिव मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद युवक अपने रिश्तेदारों के साथ गांव लौटा, जिसके बाद विवाद दोबारा भड़क गया।

ग्रामीण पर हमला, हाथ-पैर में फ्रैक्चर का आरोप

घटना के दौरान गांव के निवासी नरेंद्र साहू पर तीन युवकों ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

हिंसा के बाद आगजनी, कई घर और वाहन जलाए गए

मारपीट की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों से जुड़े कुछ घरों और वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल के साथ हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस पर पथराव, कई जवान घायल

एसपी ने जानकारी दी कि स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान जब पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तो कुछ लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फिलहाल गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग और राजनांदगांव जिलों से बुलाए गए पुलिस बल की मदद से हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

स्थिति पर नजर, इलाके में शांति की अपील

प्रशासन का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।

 


संबंधित समाचार