Jitu Patwari PC: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज राजधानी भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए उन्हें झूठ की मशीन करार दिया और किसानों के मुद्दे पर उनके घर के सामने उपवास करने का ऐलान किया।
किसानों को ठगने का 8 गुना बड़ा झूठ
जीतू पटवारी ने आंकड़ों के साथ शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि पांव-पांव वाले भैया ने मध्य प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी करने का झूठ एक लाख बार बोला होगा। लेकिन संसद में तो उन्होंने हद कर दी, जब आय को 8 गुना करने की बात कही। पटवारी ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीदी एक महीना लेट कर मोदी की गारंटी को दरकिनार किया गया, जिसका सीधा फायदा भाजपा समर्थित व्यापारियों को हुआ। करीब 15 लाख क्विंटल गेहूं खुले बाजार में कम दामों पर बिक गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज जो खाद और बारदाने का संकट है, वह शिवराज जी की ही देन है।
वल्लभ भवन में भ्रष्टाचार का आरोप
राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि मध्य प्रदेश में हर महीने होने वाले थोकबंद तबादले केवल लेन-देन का नतीजा हैं। वल्लभ भवन की पांचवीं मंजिल भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई है। तबादला उद्योग के जरिए केवल अवैध वसूली की जा रही है।
मुरैना कांड पर बोले पटवारी
जीतू पटवारी ने कहा कि मुरैना की घटनाओं से साफ है कि भाजपा नेता और उनके रिश्तेदार हर तरह के अवैध और गलत कामों में लिप्त हैं। वही इंदौर में वंदे मातरम को लेकर हुए विवाद पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, कांग्रेस को राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। राष्ट्रगीत पर हमें न कभी आपत्ति थी, न है और न रहेगी। हर व्यक्ति को संवैधानिक अधिकार है। पार्षद पर पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वह जल्द बताया जाएगा।
आंदोलन की चेतावनी
जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी। वे जल्द ही कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के घेराव के साथ वहां उपवास पर बैठेंगे।