रायपुर। राजधानी रायपुर से दिल्ली की यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। देश की प्रमुख विमानन कंपनियां इंडिगो और एयर इंडिया 1 जून 2026 से अपने उड़ान संचालन में कटौती कर सकती हैं। इसके तहत रायपुर और दिल्ली के बीच संचालित होने वाली दो फ्लाइटों को अस्थायी रूप से बंद किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन देशभर में उड़ानों की संख्या कम करने की रणनीति के तहत रायपुर-दिल्ली रूट भी प्रभावित हो सकता है। वर्तमान में रायपुर और दिल्ली के बीच कुल 8 उड़ानों का संचालन किया जाता है, जिनमें 6 इंडिगो और 2 एयर इंडिया की फ्लाइट शामिल हैं।
अन्य रूटों पर भी घटाई गई उड़ानें
उड़ानों में कटौती की शुरुआत कुछ अन्य रूटों पर पहले ही दिखाई देने लगी है। इंडिगो की लखनऊ-रायपुर-भुवनेश्वर उड़ान, जो पहले सप्ताह के सातों दिन संचालित होती थी, अब केवल चार दिन ही संचालित की जा रही है। इसी तरह पुणे-रायपुर-चेन्नई फ्लाइट की आवृत्ति भी सात दिन से घटाकर सप्ताह में तीन दिन कर दी गई है। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही नया शेड्यूल जारी किया जाएगा, जिसमें प्रभावित उड़ानों और संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
यात्रियों की संख्या और लागत बनी वजह
एविएशन सेक्टर से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वैश्विक परिस्थितियों, बढ़ती परिचालन लागत और यात्रियों की संख्या का आकलन करने के बाद एयरलाइंस कंपनियां अपने नेटवर्क में बदलाव कर रही हैं। ट्रैवल कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून सीजन शुरू होने से पहले एयरलाइंस अक्सर अपने शेड्यूल की समीक्षा करती हैं और मांग के अनुसार उड़ानों में बदलाव करती हैं।
महंगे ईंधन का असर
एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में वृद्धि भी उड़ानों में कटौती की प्रमुख वजह मानी जा रही है। ईंधन लागत बढ़ने से एयरलाइंस कंपनियों के संचालन खर्च में इजाफा हुआ है, जिसके चलते कई रूटों पर उड़ानों की संख्या कम करने का निर्णय लिया जा रहा है।
कितनी उड़ानें हो सकती हैं प्रभावित?
रिपोर्ट्स के अनुसार एयर इंडिया अपनी घरेलू उड़ानों में करीब 15 प्रतिशत तक कटौती कर सकती है। कंपनी वर्तमान में हर सप्ताह लगभग 3,800 घरेलू उड़ानों का संचालन करती है। वहीं, देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो भी अपने नेटवर्क में 5 से 7 प्रतिशत तक कटौती की तैयारी में है। इंडिगो प्रतिदिन लगभग 1,950 उड़ानों का संचालन करती है। ऐसे में यह कटौती देशभर के कई रूटों पर असर डाल सकती है।
अगले 90 दिनों तक रह सकता है प्रभाव
जानकारी के मुताबिक, उड़ानों में प्रस्तावित कटौती 1 जून 2026 से लागू हो सकती है और इसका असर लगभग तीन महीने तक देखने को मिल सकता है। यदि ऐसा होता है तो रायपुर-दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट उपलब्धता और किराए में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल यात्रियों को एयरलाइंस कंपनियों द्वारा जारी किए जाने वाले नए शेड्यूल और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।