Jabalpur Breaking News : जबलपुर में रविवार को अलग-अलग दो घटनाओं के हादसे सामने आए है। एक ओर नर्मदा नदी के जमतरा घाट में नहाने के दौरान दो कॉलेज छात्र लापता हो गए, वहीं दूसरी ओर खजरी खिरिया बायपास पर हिट एंड रन की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी बीच जिला प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडर की व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
घाट में डूबे दो छात्र, रेस्क्यू जारी
जबलपुर के जमतरा घाट के खतरनाक भंवर वाले क्षेत्र में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निजी कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्र नदी में डूबकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरफ और गौर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लापता छात्रों की पहचान एडविन जॉर्ज और जॉनी इक्का के रूप में हुई है, जो निजी कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस और SDRF की टीम लगातार नदी में उनकी तलाश कर रही है।
हिट एंड रन, एक की मौत
इसी बीच खजरी खिरिया बायपास पर देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और नशे में वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
घरेलू गैस, प्रशासन की सख्ती
जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक होटल और रेस्टोरेंट में जांच की जा रही है। पनागर और कुंडम क्षेत्र में नायब तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान कई होटलों में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते हुए पाया। कार्रवाई के दौरान कुल 43 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।