प्रताप सिंह ठाकुर, देवास : देवास जिले के घने जंगल में अवैध पटाखा निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। पोलाखाल जंगल क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 1200 किलो विस्फोटक सामग्री और लगभग 25 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से कई मजदूरों को हिरासत में लिया गया है।
जंगल में चल रही थी अवैध पटाखा फैक्ट्री
जानकारी के अनुसार उदयनगर थाना क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर पोलाखाल के घने जंगल में टीन शेड बनाकर पटाखा बनाने की दो अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थीं। पुलिस को जैसे ही इस गतिविधि की सूचना मिली, टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापे के दौरान बड़ी मात्रा में सुतली बम, बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले कागज, धागे, केमिकल और अन्य उपकरण भी पुलिस ने जब्त कर लिए।
पुलिस दबिश से मचा हड़कंप
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चार से पांच मजदूर पुलिस के हाथ लगे, जबकि अन्य लोग मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि ये दोनों फैक्ट्रियां बिना अनुमति के संचालित की जा रही थीं। जिस जमीन पर फैक्ट्रियां चल रही थी, उसे किसी निजी व्यक्ति का फार्महाउस बताया जा रहा है। फिलहाल फैक्ट्री के मालिक की तलाश की जा रही है।
इंदौर भेजे जाते थे पटाखे
शुरूआती जांच में यह भी सामने आया है कि यहां तैयार किए गए पटाखों को पिकअप वाहन के जरिए इंदौर भेजा जाता था। पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पूर्व थाना प्रभारी भगवान सिंह बीरा को मुखबिर से जानकारी मिली।