दमोह : मध्य प्रदेश के दमोह में उस वक़्त हड़कप मच गया जब एक नवविवाहित महिला अपने ही घर में खून से लथपथ घायल मिली। जबकि उसके पति का शव फंदे पर लटका मिला। घटना दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र के तालगांव की है। जिसकी जानकारी परिजनों को तब लगी जब पति पत्नी कैमरे से बाहर नहीं निकले। इधर, पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
महिला के सिर में गंभीर चोट
पुलिस का अनुमान है कि 28 वर्षीया सुरेश अहिरवार और अंजू अहिरवार (25) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। जिसके चलते पति ने पहले पत्नी की जान लेने की कोशिश की। इसके बाद खुद ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि अभी तक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वही पत्नी की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बयान के बाद स्थिति साफ़ हो सकेगी।
चार महीने पहले हुई थी शादी
घटना की जानकारी देते हुए मृतक सुरेश के परिजनों ने बताया कि दोनों की शादी चार महीने पहले हुई थी। पांच दिन पहले ही सुरेश अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर लाया था। पिता ने बताया कि दोनों के बीच कोई पुरानी अनबन नहीं थी और सब कुछ सामान्य चल रहा था। सुबह से जब दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो पिता भद्दी अहिरवार की पत्नी ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा। तो उन्हें घटना का खुलासा हुआ।
विवाद की वजह स्पष्ट नहीं
इधर, मामले में जानकारी देते हुए रनेह थाना प्रभारी नितेश जैन ने बताया कि, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला के सिर और गले में गंभीर चोट के निशान है और वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिजनों को भी विवाद की स्पष्ट वजह नहीं मालूम। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, महिला के बयान के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।